बिजनौर में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन, वेतन भुगतान और ईपीएफ जांच की मांग।

डॉ अरशद अली ज़िला ब्यूरो चीफ़ बिजनोर।बिजनौर, 4 जून। जनपद बिजनौर के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत लगभग 80 से 90 चतुर्थ श्रेणी आउटसोर्सिंग मुरादाबाद मण्डल के कर्मचारियों ने गुरुवार को बिजनोर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग एजेंसी A2Z Multiservices and IT Solutions Pvt. Ltd. द्वारा मार्च माह से मई माह तक का वेतन अभी तक नहीं दिया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वे विद्यालयों में नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन तीन माह से वेतन न मिलने के कारण परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की स्कूल फीस और दैनिक खर्चों का संचालन करना कठिन हो गया है। कर्मचारियों ने बताया कि कई परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने ईपीएफ (EPF) से जुड़ी अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि उनके वेतन से ईपीएफ की कटौती तो की जा रही है, लेकिन संबंधित राशि समय पर जमा नहीं की जा रही है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ईपीएफ पासबुक और यूएएन पोर्टल पर भी जमा राशि का विवरण दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे उनके भविष्य की सामाजिक सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
धरना-प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि एजेंसी के खिलाफ जांच कराकर बकाया वेतन का तत्काल भुगतान कराया जाए तथा ईपीएफ रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद प्रशासन ने कर्मचारियों की समस्याओं पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखने को बाध्य होंगे।
धरना-प्रदर्शन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए करीब 80 से 90 आउटसोर्सिंग कर्मचारी मौजूद रहे।