कांग्रेस का बढ़ती महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ 6 जून को कलेक्ट्रेट मार्च, बैठक में हिंदू रक्षादल की पूर्व जिला अध्यक्ष अमनदीप कौर कांग्रेस में शामिल

कांग्रेस का बढ़ती महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ 6 जून को कलेक्ट्रेट मार्च, बैठक में हिंदू रक्षादल की पूर्व जिला अध्यक्ष अमनदीप कौर कांग्रेस में शामिल
विशेष रिपोर्ट- मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक मंगलवार को जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक आयोजित हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों ने देश में बढ़ती महंगाई, रिकॉर्ड बेरोजगारी, चरमराती शिक्षा व्यवस्था और लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा और तीखे प्रहार किए।
बैठक के दौरान एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम भी सामने आया, जब हिंदू रक्षादल की पूर्व जिला अध्यक्ष अमनदीप कौर और उनकी सहयोगी तान्या चौहान ने बीजेपी की नीतियों से क्षुब्ध होकर कांग्रेस की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने सभी का कांग्रेस परिवार में पटका पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही संगठन को धरातल पर मजबूत करने के उद्देश्य से जिला अध्यक्ष ने नए ब्लॉक अध्यक्षों के नामों की भी घोषणा की, जिसमें बिट्टू चौधरी को रामपुर मनिहारान, अबरार राव को मुजफ्फराबाद, पवन राणा को पुवारका, चौधरी नवाब अली को नकुड़, गालिब चौधरी को सरसावा और कय्यूम प्रधान को बलिया खेड़ी का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सरकार को घेरने की रणनीति का ऐलान करते हुए जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने घोषणा की कि जिला कांग्रेस आगामी 6 जून को बढ़ती महंगाई और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक के विरोध में एक विशाल और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने जा रही है। तय रणनीति के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक एक बड़ा मार्च निकालेंगे और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपेंगे। बैठक के अंत में 6 जून के इस आंदोलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस दौरान बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस के दिग्गज नेता, पदाधिकारी और जमीनी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



