देवबंद में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी गौकश घायल होकर गिरफ्तार

देवबंद में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी गौकश घायल होकर गिरफ्तार
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर थाना देवबंद पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9/10 मार्च की रात थाना देवबंद पुलिस टीम ग्राम बीबीपुर रोड पर चांद कॉलोनी मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान ग्राम मकबरा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। भागने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद बदमाश सड़क किनारे पेड़ की आड़ लेकर फिर से पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान नासिर पुत्र इकबाल उर्फ बाला निवासी मोहल्ला बेरियान, कस्बा व थाना देवबंद जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस .315 बोर तथा बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक नासिर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह थाना बड़गांव में दर्ज गौवध अधिनियम की धाराओं 3, 5, 8 के दो मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ सहारनपुर जिले के थाना बड़गांव और नानौता में गौकशी समेत संगीन अपराधों के लगभग आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मुठभेड़ टीम मे थाना प्रभारी अमरपाल शर्मा, उप निरीक्षक अजब सिंह, उप निरीक्षक संदीप कुमार, है.का. शमीम अहमद, HC ब्रह्म प्रकाश, का. पवन सिरोही, का. अनुज सिरोही सहित पुलिस टीम शामिल रही!



