होली मिलन समारोह में फाग, राधा-कृष्ण की होली और काव्य गोष्ठी ने बांधा समां

होली मिलन समारोह में फाग, राधा-कृष्ण की होली और काव्य गोष्ठी ने बांधा समां
रंग-गुलाल, पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच उमड़ा जनसैलाब
होली मिलन समारोह में जुटे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, आपसी भाईचारे का दिया संदेश
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं न्यू स्टैंडर्ड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के संस्थापक/प्रबंधक डॉ. शशिकांत शर्मा द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में रंग, उमंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रामआसरे विश्वकर्मा (पूर्व मंत्री व सपा के राष्ट्रीय सचिव) विशिष्ट अतिथि श्याम सुन्दर भारती (विधायक बछरावां), राहुल लोधी (विधायक हरचंदपुर), जिला अध्यक्ष सपा ई.वीरेंद्र यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, कार्यक्रम के दौरान जनपद के वरिष्ठजन, समाजसेवी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा सवर् समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लेकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और सांस्कृतिक माहौल में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक फाग गीतों से हुई, जिनकी मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को होली के रंग में सराबोर कर दिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की होली की आकर्षक झांकी और नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। ब्रज संस्कृति की झलक दिखाती इन प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोग झूम उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान आयोजित लघु काव्य गोष्ठी भी आकर्षण का केंद्र रही। कवियों ने हास्य, व्यंग्य और श्रृंगार रस से ओतप्रोत रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कविताओं के माध्यम से होली के रंग, सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि श्री विश्वकर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक समरसता और भाईचारे की राजनीति करती आई है, ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद बढ़ता है और संगठन को मजबूती मिलती है। मंच से अन्य वक्ताओं ने कहा कि होली का त्योहार प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जो समाज में आपसी दूरियों को मिटाने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और सांस्कृतिक माहौल में उत्साहपूर्वक भाग लिया, समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच पारंपरिक होली मिलन का स्वाद भी देखने को मिला। आयोजन स्थल पर उपस्थित अतिथियों और लोगों के लिए गुझिया, पापड़, दही बड़े तथा विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की विशेष व्यवस्था की गई थी। सभी ने आपसी मेल-मिलाप के साथ इन पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया और होली के उल्लास को साझा किया।
कार्यक्रम के अंत में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं न्यू स्टैंडर्ड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के संस्थापक/प्रबंधक डॉ. शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस दौरान मंच को आकर्षक तरीके से सजाया गया था तथा कार्यक्रम स्थल पर होली के रंगों और उत्सवी माहौल ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और सवर् समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



