#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशजी आर पी GRPब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

एसपी रेलवे रोहित मिश्रा का जीआरपी लखीमपुर पर औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश |

विशेष रिपोर्ट-विकास सिंह

जीआरपी थाना लखीमपुर का एसपी रेलवे ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की परखी हकीकत

SvasJsNews

लखीमपुर खीरी। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग लखनऊ रोहित मिश्रा, आईपीएस ने जीआरपी थाना लखीमपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर से लेकर रेलवे स्टेशन तक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी रेलवे ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, पुलिस मेस, बैरक, यात्री प्रतीक्षालय, रेलवे स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार तथा प्लेटफार्मों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने थाने में रखे विभिन्न अभिलेखों और रजिस्टरों की भी गहन जांच की। इस दौरान मालखाना रजिस्टर, एस्कॉर्ट चेकिंग रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट रजिस्टर, नियुक्ति रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, पांच वर्षीय एवं दस वर्षीय अपराधी रजिस्टर के साथ-साथ टॉप-10 और टॉप-5 अपराधियों से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखे जाएं और समय-समय पर उन्हें अद्यतन किया जाए।


एसपी रेलवे ने ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर होने वाली चोरी, झपटमारी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध और विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने थाने में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विवेचकों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क की भी समीक्षा की गई। एसपी रेलवे ने महिला पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले फरियादियों, विशेषकर महिलाओं के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रभावी कार्रवाई करे।


रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एसपी रेलवे ने नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की सघन जांच करने तथा रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रेनों पर पत्थरबाजी और रेलवे ट्रैक अवरुद्ध करने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर निगरानी और सतर्कता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। साथ ही एस्कॉर्ट ड्यूटी पर जाने वाले पुलिसकर्मियों को प्रतिदिन आवश्यक ब्रीफिंग देने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक जीआरपी लखीमपुर राम सहाय सिंह सहित थाने का समस्त पुलिस बल मौजूद रहा। एसपी रेलवे के इस औचक निरीक्षण से रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया गया है।

Related Articles

Back to top button