#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौकश नौशाद उर्फ पप्पू घायल, तमंचा, गौकशी के उपकरण और जीवित गौवंश बरामद

पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौकश नौशाद उर्फ पप्पू घायल, तमंचा, गौकशी के उपकरण और जीवित गौवंश बरामद

संवाददाता -मो कलीम अंसारी

सहारनपुर थाना चिलकाना पुलिस ने मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर हिस्ट्रीशीटर गौकश को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, गौकशी के उपकरण, नकदी, मोबाइल फोन और एक जीवित गौवंश बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में गौकशी, चोरी, नकबजनी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना चिलकाना पुलिस ग्राम संगमौर से महेश्वरी कला मार्ग पर नाले के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर गौकश पास के गन्ने के खेत में गौकशी की तैयारी कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पुलिस को देखते ही जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा फायर किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नौशाद उर्फ पप्पू पुत्र इकबाल निवासी ग्राम नथमलपुर, थाना चिलकाना के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, गौकशी के उपकरण, एक हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक जीवित गौवंश बरामद किया गया। बरामद गौवंश को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक नौशाद उर्फ पप्पू थाना चिलकाना का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 के बीच चिलकाना, बेहट और कोतवाली देहात थानों में डकैती, चोरी, गौकशी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट समेत करीब नौ मुकदमे दर्ज हैं।

Related Articles

Back to top button