#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

मुजफ्फरनगर में ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस और शातिर तस्कर के बीच मुठभेड़, 10 लाख का गांजा व तमंचा बरामद, बदमाश घायल

मुजफ्फरनगर में ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस और शातिर तस्कर के बीच मुठभेड़, 10 लाख का गांजा व तमंचा बरामद, बदमाश घायल

ब्यूरो रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी

मुजफ्फरनगर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान के तहत तितावी पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान 10 लाख रुपये मूल्य के गांजे के साथ एक शातिर तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और थानाध्यक्ष तितावी जयवीर सिंह व एसओजी देहात प्रभारी मोहित चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम हैदर नगर बिजली घर के पास मुकुंदपुर-शाहपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा टॉर्च की रोशनी देकर रोकने का इशारा करने पर आरोपी बाइक मोड़कर लखान की तरफ भागने लगा। तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद आरोपी पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगा।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन पुत्र सोनवीर (निवासी नूनाखेड़ा, थाना तितावी; मूल निवासी गूंगाखेड़ी, थाना रमाला, बागपत) के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 20.575 किलोग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये), तस्करी में इस्तेमाल सुपर स्पलेंडर मोटरसाइकिल (UP 12 AS 432) और एक तमंचा 315 बोर मय कारतूस बरामद किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सस्ते दामों में गांजा खरीदकर ऊंचे दामों में सप्लाई कर अवैध कमाई करता था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी नितिन पर हत्या के प्रयास, आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत बागपत व मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में थाना तितावी पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button