#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागलखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी में स्कूल परिसर में शिक्षिका की गोली मारकर हत्या, युवक ने खुद को भी मारी गोली

लखीमपुर खीरी में स्कूल परिसर में शिक्षिका की गोली मारकर हत्या, युवक ने खुद को भी मारी गोली

ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। जिले के एक निजी स्कूल परिसर में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने स्कूल की पहली मंजिल पर शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद युवक ने भी उसी असलहे से खुद को गोली मार ली। घटना में शिक्षिका और युवक दोनों की मौत हो गई। गोलीकांड के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों व स्टाफ में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, घटना चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल, शाहपुरा कोठी की बताई जा रही है। सोमवार को करीब 30 वर्षीय युवक सऊद अंसारी निवासी नौरंगाबाद स्कूल परिसर में पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसने वहां कार्यरत करीब 28 वर्षीय शिक्षिका निशात निवासी हिदायतनगर से बातचीत की। इसके बाद दोनों स्कूल की पहली मंजिल पर चले गए।

बताया जा रहा है कि पहली मंजिल पर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान युवक ने अपने पास मौजूद असलहे से शिक्षिका पर गोली चला दी। गोली लगने से शिक्षिका वहीं गिर गईं। इसके बाद युवक ने भी खुद को गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी में युवक सऊद अंसारी और शिक्षिका निशात के बीच आपसी संबंध होने की बात सामने आ रही है। घटना के पीछे आपसी विवाद को कारण बताया जा रहा है। हालांकि दोनों के संबंध और विवाद की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गोलियों की आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के समय बच्चे क्लास रूम में मौजूद बताए जा रहे हैं। गोलियों की आवाज सुनकर बच्चे और स्कूल स्टाफ दहशत में आ गए। गनीमत रही कि घटना में किसी अन्य बच्चे या स्टाफ के घायल होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान युवक और शिक्षिका के बीच संबंध, घटना से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत और विवाद की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल असलहा युवक के पास कहां से आया और वह स्कूल परिसर के अंदर तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button