#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

निर्माणाधीन मकान से सामान पार, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर

निर्माणाधीन मकान से सामान पार, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर….

संवाददाता -मो कलीम अंसारी

सहारनपुर महानगर के थाना कुतुब शेर क्षेत्र अंतर्गत आनंद नगर मे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताज़ा मामले में सुबह करीब 5 बजे डॉ. खालिद के निर्माणाधीन मकान को चोरों ने निशाना बनाया। अज्ञात चोर वहां से बिजली के कीमती अंडरग्राउंड तार और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियां चोरी कर आसानी से फरार हो गए। चोरी की यह पूरी वारदात पास मे लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज मे एक युवक चोरी करते हुए साफ नज़र आ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में बीते कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों का गंभीर आरोप है कि इस गिरोह मे नाबालिग बच्चों को भी शामिल किया गया है, जो मुख्य रूप से सुनसान और निर्माणाधीन मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चिंताजनक बात यह है कि कुछ दिनों पूर्व सांसद इमरान मसूद के आवास के समीप भी ठीक इसी तरह की चोरी हुई थी। लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और भय व्याप्त है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस गिरोह पर शिकंजा नहीं कसा गया, तो क्षेत्र में अपराध और तेज़ी से पनपेगा। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। साथ ही, देर रात और तड़के सुबह के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्धों की नियमित चेकिंग करने की पुरज़ोर अपील की गई है, ताकि जनता मे सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके।

Related Articles

Back to top button