कृषक बंधु गेहूँ विक्रय हेतु अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराकर न्यूनतम समर्थन मूल्य का उठाएं लाभ : सोनी गुप्ता

कृषक बंधु गेहूँ विक्रय हेतु अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराकर न्यूनतम समर्थन मूल्य का उठाएं लाभ : सोनी गुप्ता
रायबरेली:- 06 मार्च 2026
जिला खाद्य विपणन अधिकारी सोनी गुप्ता ने बताया है कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजनान्तर्गत कृषकों से गेहूँ खरीद 17 मार्च, 2026 से प्रारम्भ कराये जाने के उच्चाधिकारियों द्वारा निर्देश दिये गये है।
उन्होंने बताया है कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजनान्तर्गत भारत सरकार द्वारा सीधे किसानों से गेहूँ क्रय हेतु गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य रू० 2585.00 प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया है। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष रू0 160 प्रति कुन्तल अधिक गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। जनपद रायबरेली में कृषकों से गेहूँ खरीद हेतु कुल 93 गेहूँ क्रय केन्द्रों का अनुमोदन जिलाधिकारी द्वारा किया गया है, जिसमें खाद्य विभाग के 34, पी०सी०एफ० के 29, पी०सी०यू० के 15, यू०पी०एस०एस० के 08, भारतीय खाद्य निगम के 05 एवं मण्डी परिषद के 02 केन्द्र शमिल है। इसके अतिरिक्त जनपद में 13 मोबाइल गेहूँ क्रय केन्द्रों के माध्यम से भी कृषकों के घर पर उनकी सुविधानुसार गेहूँ की तौल पूर्ण करायी जायेगी। उक्त सभी स्थापित राजकीय क्रय केन्द्रों एवं मोबाइल क्रय केन्द्रों पर कृषकों से गेहूँ खरीद का कार्य किया जायेगा।
गेहूँ विक्रय हेतु ऑनलाइन कृषक पंजीकरण/नवीनीकरण प्रारम्भ है। कृषक बन्धुं द्वारा अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवाया जा सकता है। गेहूँ की बिकी हेतु कृषकों को खाद्य तथा रसद विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in अथवा विभाग के मोबाइल ऐप UP KISAN MITRA पर पंजीकरण/नवीनीकरण कराना अनिवार्य है।खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीद हेतु पंजीकरण करा चुके कृषकों को गेहूं विक्रय हेतु पुनः पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं, परन्तु पंजीकरण का नवीनीकरण कराना होगा। सभी कृषक घर बैठे भी मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन अपना पंजीकरण कर सकते है। गेहूँ बिक्री हेतु ओ०टी०पी० आधारित पंजीकरण की व्यवस्था है। कृषक भाई पंजीकरण हेतु वर्तमान मोबाइल नंबर अंकित कराएं एवं एस०एम०एस० द्वारा प्रेषित ओ०टी०पी० भरकर पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण करें। गेहूँ बिक्री के समय राजकीय क्रय केन्द्रों पर किसान के स्वंय उपस्थित न होने पर पंजीकरण प्रपत्र में परिवार के नामित सदस्य का विवरण एवं आधार नंबर फीड कराना अनिवार्य है। किसानों को गेहूं के मूल्य का भुगतान उनके आधार लिंक्ड बैंक खाते में किया जायेगा।कृषक बन्धु अपने जिस बैंक खाते में भुगतान प्राप्त करना चाहते है, उसको आधार सीडेड एवं बैंक शाखा द्वारा एन०पी०सी०आई० पोर्टल पर मैप करा दें। बैंक खाता सक्रिय होने हेतु आवश्यक है कि उसमें पिछले तीन महीने में धनराशि का लेन-देन किया गया हो।
किसान पंजीकरण करनें, भूमि के रकबे का सत्यापन, खरीद व एम०एस०पी० पेंमेट की अद्यतन स्थिति जानने हेतु UP KISAN MITRA मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें अथवा क्यू०आर० कोड स्कैन करें। वर्तमान में 06 फरवरी 2026 तक जनपद रायबरेली में अपना गेहूँ राजकीय क्रय केन्द्रों पर विक्रय हेतु किसान पंजीकरण की तहसीलवार स्थिति है, तहसील महाराजगंज में पंजीकृत किसान 37, रायबरेली (सदर) में 56, लालगंज 13, डलमऊ 18, ऊंचाहार 28 एवं तहसील सलोन में 53 कुल 205 पंजीकृत किसान है।
जिला खाद विपरण अधिकारी ने जनपद रायबरेली के सभी कृषक बन्धुओं से कहा है कि अधिक से अधिक संख्या में गेहूँ विक्रय हेतु अपना ऑनलाइन पंजीकरण ससमय कराएं एवं भारत सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाये।



