अस्सी घाट के पास गेस्ट हाउस में देह व्यापार का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

अस्सी घाट के पास गेस्ट हाउस में देह व्यापार का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्सी घाट के समीप स्थित रेनबो गेस्ट हाउस में चल रहे कथित देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन युवतियों, एक ग्राहक, होटल संचालक और दो कथित दलालों सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, एसओजी टीम ने कार्रवाई को पूरी तरह गुप्त रखा। गेस्ट हाउस से कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर टीम सिविल ड्रेस में रिसेप्शन तक पहुंची और सामान्य ग्राहक बनकर पूछताछ की। प्रारंभिक सवालों में ही संचालक की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद बाहर मौजूद टीम को बुलाया गया और पूरे परिसर की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान दो कमरे बंद मिले। एक कमरे का ताला खुलवाने पर युवक के साथ युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। दूसरे कमरे में मौजूद लोगों से पूछताछ में पता चला कि वे ग्राहकों को लाने वाले दलाल थे। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों को हिरासत में लिया, जिनमें से दो पश्चिम बंगाल की बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि इन्हें तीन दिन पहले ही वाराणसी लाया गया था। सभी आरोपियों को लंका थाने लाया गया, जहां एसओजी के दरोगा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि गेस्ट हाउस में स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी “इंडियन और रशियन” जैसी भ्रामक पेशकश कर बुलाया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। वाराणसी पुलिस का कहना है कि शहर की गरिमा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




