उल्ल नदी के बढ़े जलस्तर से सुआगाड़ा-बनवारीपुर मार्ग पर जलभराव, मौके पर पहुंचे डीएम

उल्ल नदी के बढ़े जलस्तर से सुआगाड़ा-बनवारीपुर मार्ग पर जलभराव, मौके पर पहुंचे डीएम
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। उल्ल नदी में बढ़े जलस्तर का असर शहर से सटे सुआगाड़ा से बनवारीपुर जाने वाले सड़क मार्ग पर भी दिखाई देने लगा है। नदी का जलस्तर बढ़ने से सड़क के कुछ हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आमजन की समस्या को देखते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह बुधवार को संबंधित अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जलभराव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम ने मौके पर सड़क मार्ग की स्थिति का जायजा लिया और वहां मौजूद स्थानीय लोगों से बातचीत कर जलभराव की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से पिछले वर्षों में जलभराव की स्थिति के साथ ही इस वर्ष नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद उत्पन्न परिस्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्तमान में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नदी के जलस्तर और सड़क पर जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए स्थिति के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
डीएम ने अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी लेकर उसका समुचित समाधान कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव कम होने की स्थिति तथा सड़क मार्ग पर आवागमन की स्थिति की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केके झा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत रवींद्र कुमार गुप्ता, अवर अभियंता जिला पंचायत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



