एसएसपी अभिनंदन सिंह ने किया खुलासा, मंडी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम की बड़ी सफलता

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने किया खुलासा, मंडी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम की बड़ी सफलता
विशेष रिपोर्ट- मो कलीम अंसारी
सहारनपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनंदन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ के तहत पुलिस को एक ऐतिहासिक सफलता मिली है। थाना मंडी पुलिस, एंटी नारकोटिक्स सेल, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ‘स्मैक किंगपिन’ के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया और एक महिला समेत दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने प्रेसवार्ता कर पत्रकारों के समक्ष मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना मंडी प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार और एसओजी प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सक्सेना के कुशल नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान बाबालाल दास रोड पर श्मशान घाट मुख्य द्वार के पास से दो अभियुक्तों—शहजाद उर्फ कालू (पुत्र यासीन, निवासी हसनपुर लुहारी, थाना थानाभवन, जनपद शामली; हाल निवासी हालपता नाजीम कॉलोनी, थाना मंडी, सहारनपुर) और नजराना (पत्नी बिलाल, निवासी विकास नगर रोड, मिर्जापुर पोल, थाना मिर्जापुर, सहारनपुर) को गिरफ्तार किया है।
अभियुक्तों के कब्जे से 1 किलोग्राम 28 ग्राम अवैध स्मैक (शहजाद से 515 ग्राम व नजराना से 513 ग्राम) बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 05 लाख 60 हजार रुपये है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (नंबर UK07 BK 2919) और 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
शामली का टॉप-10 और हिस्ट्रीशीटर अपराधी है शहजाद
एसएसपी ने बताया कि पकड़ा गया अभियुक्त शहजाद उर्फ कालू बेहद शातिर और अभ्यस्त अपराधी है। वह जनपद शामली के थाना थानाभवन का हिस्ट्रीशीटर तथा शामली जिले का टॉप-10 अपराधी है। शहजाद के विरुद्ध शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास (307 IPC), लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसे 18 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अभियुक्ता नजराना का भी आपराधिक इतिहास रहा है।
बरेली रेलवे स्टेशन से खरीदकर लाते थे स्मैक
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि बरामद स्मैक उन्होंने बरेली रेलवे स्टेशन के पास एक इमराना नामक महिला से खरीदी थी। वे इस स्मैक को कार से लाकर सहारनपुर और आसपास के इलाकों में नशा करने वालों तथा जरूरतमंदों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचते थे। पुलिस टीम अब इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स (Forward and Backward Linkages) खंगालने में जुटी है, ताकि नशा तस्करी की इस पूरी श्रृंखला को ध्वस्त किया जा सके।
*इस साहसिक व सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में* थाना मंडी प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा, एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी संजीव कुमार, एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सक्सेना, स्वाट टीम प्रभारी नीरज पवार, उप-निरीक्षक अजब सिंह, राहुल शर्मा, प्रीति सिंह सहित एंटी नारकोटिक्स, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और थाना मंडी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।



