#SvasJsNewsब्रेकिंग न्यूज़भीलवाड़ाराजस्थान

राजस्थान: चांदी के गहने लूटने के लिए 90 साल की महिला को पलंग समेत उठा ले गए चोर

राजस्थान: चांदी के गहने लूटने के लिए 90 साल की महिला को पलंग समेत उठा ले गए चोर

SvasJsNews | रिपोर्ट: सत्यनारायण सेन, गुरला

जयपुर/भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने ग्रामीण इलाकों में बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अरवाड़ क्षेत्र के कोठिया गांव में चोरों ने चांदी के गहनों की लूट के इरादे से 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उसके पलंग समेत अगवा कर लिया और बाद में हाथ-पैर बांधकर खेत में छोड़कर फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार रात की है। चोर पूर्व सरपंच नथी देवी माली के घर में चोरी की नीयत से दाखिल हुए। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने परिवार के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर बंधक बना लिया, ताकि कोई विरोध न कर सके। इसी दौरान बरामदे में पलंग पर सो रहीं नथी देवी की 90 वर्षीय सास छोटी देवी पर चोरों की नजर पड़ी, जिनके शरीर पर करीब डेढ़ किलो चांदी के गहने थे।चोरों ने बुजुर्ग महिला का मुंह दबाया और उन्हें पलंग समेत उठाकर पास के खेत में ले गए। वहां उनके हाथ-पैर बांध दिए गए। इसी बीच घर के अन्य सदस्यों की नींद खुली तो उन्होंने खुद को कमरों में बंद पाया। शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और ताले तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। जब घर में छोटी देवी नहीं मिलीं तो परिजन और ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की। कुछ ही समय बाद बुजुर्ग महिला खेत में बेसहारा हालत में मिलीं। गनीमत रही कि ग्रामीणों की तत्परता के कारण चोर चांदी के गहने लूटने में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से जानकारी लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक गहने पहनने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले सवाई माधोपुर जिले में भी चांदी के गहनों की लूट के लिए एक महिला की हत्या की घटना सामने आ चुकी है। इन घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में कानून-व्यवस्था और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button