जाताखूंटी पंचायत सचिवालय में कंप्यूटर व सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों का उद्घाटन, रोजगारोन्मुखी पहल से बढ़ेगा स्वावलंबन

जाताखूंटी पंचायत सचिवालय में कंप्यूटर व सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों का उद्घाटन, रोजगारोन्मुखी पहल से बढ़ेगा स्वावलंबन
(SvasJsNews)
टुण्डी (7 फरवरी)। टुण्डी प्रखंड क्षेत्र के जाताखूंटी पंचायत सचिवालय में रोजगारोन्मुखी दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। पंचायत स्तर पर युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कंप्यूटर, सिलाई एवं जैविक खेती प्रशिक्षण केंद्रों का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शुक्रवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में झामुमो महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मीना हेंब्रम एवं जाताखूंटी पंचायत की मुखिया श्रीमती आशा मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं नारियल फोड़कर प्रशिक्षण केंद्रों का उद्घाटन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि टुण्डी प्रखंड की यह पहली पंचायत है, जहां पंचायत सचिवालय के माध्यम से सभी वर्गों के युवाओं और महिलाओं को कंप्यूटर, सिलाई एवं जैविक खेती का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को कौशल विकास के जरिए स्वावलंबी बनाना है।

मुखिया आशा मुर्मू ने कहा कि जाताखूंटी पंचायत सचिवालय लगातार शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। पंचायत द्वारा इस वर्ष किसानों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। हाल के दिनों में बीज वितरण, प्रशिक्षण कार्यक्रम और अब कंप्यूटर व सिलाई केंद्र की शुरुआत इसी दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों से प्रशिक्षण प्राप्त कर लोग स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर सकेंगे।

उद्घाटन समारोह के दौरान करीब एक दर्जन कंप्यूटर और सिलाई मशीनों का शुभारंभ किया गया। साथ ही उपस्थित किसानों के बीच विभिन्न फसलों के बीज और केचुआ खाद तैयार करने से संबंधित किट का भी वितरण किया गया। पंचायत की इस निःशुल्क प्रशिक्षण पहल की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की और इसे समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम में झामुमो महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीना हेंब्रम, मुखिया आशा मुर्मू, वार्ड सदस्या बड़की देवी, एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन के चंद्रमोहन राय, नारायण सिंह चौधरी, संस्था मैनेजर प्रफुल्ल कुमार, कोऑर्डिनेटर बालेश्वर महतो, प्रशिक्षिकाएं रेशमी कुमारी व कुमकुम कुमारी, महिला प्रखंड अध्यक्ष पुष्पा देवी, मुखिया प्रतिनिधि शक्ति हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।




