#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

यूपी विधानसभा चुनाव 2027: प्रेशर पॉलिटिक्स के साथ किलेबंदी शुरू

यूपी विधानसभा चुनाव 2027: प्रेशर पॉलिटिक्स के साथ किलेबंदी शुरू

*कांग्रेस अपने दम पर कुछ नहीं कर पाएगी: सपा सांसद इकरा हसन*


सहारनपुर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होने के साथ ही सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीट बंटवारे को लेकर बयानबाजी भी बढ़ती नजर आ रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के बयानों ने सियासी हलकों में चर्चा बढ़ा दी है।
सपा सांसद इकरा हसन ने कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अपने दम पर कुछ नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुकाबला करने में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की भूमिका महत्वपूर्ण है। इकरा हसन ने यह भी कहा कि यदि सपा-कांग्रेस गठबंधन बना रहता है तो बेहतर होगा, लेकिन गठबंधन नहीं रहने की स्थिति कांग्रेस के लिए नुकसानदेह हो सकती है।
वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की ओर से गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर जल्द फैसला किए जाने की मांग सामने आती रही है। इसी के जवाब में इकरा हसन का बयान सपा-कांग्रेस के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान को और चर्चा में ले आया है।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दल अपने-अपने संगठन और राजनीतिक प्रभाव को मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में सीटों के बंटवारे, गठबंधन की शर्तों और चुनावी रणनीति को लेकर आने वाले दिनों में बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। फिलहाल दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर अंतिम तस्वीर स्पष्ट नहीं है।

रिपोर्ट:- मो कलीम अंसारी

Related Articles

Back to top button