#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

हज-उमरा के नाम पर ठगी की जांच की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

हज-उमरा के नाम पर ठगी की जांच की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी

सहारनपुर हज एवं उमरा के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध रूप से अधिक धनराशि वसूलने, निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने तथा धोखाधड़ी किए जाने के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव इसरार चौधरी ने जिलाधिकारी सहारनपुर को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जिलाधिकारी सहारनपुर की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी वित्त को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि हज एवं उमरा एक पवित्र धार्मिक यात्रा है, जिसके लिए श्रद्धालु अपनी जीवनभर की बचत खर्च करते हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति या ट्रैवल एजेंसी धार्मिक यात्रा के नाम पर श्रद्धालुओं के विश्वास का लाभ उठाकर अनुचित धनराशि वसूलती है या सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराती है, तो यह गंभीर मामला है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि माहीपुरा, थाना जनकपुरी निवासी शहजाद तथा पुराना कलसिया रोड, थाना मंडी स्थित मदरसा इसलाह-ए-मिल्लत के संचालक मौलाना युसुफ और उनके पुत्र हफीजुर्रहमान द्वारा ‘हल हिजजाज टूर एंड ट्रैवल्स’ के नाम से कंपनी संचालित कर धार्मिक यात्रा के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी की गई है। इन आरोपों की प्रशासनिक स्तर पर जांच कराने की मांग की गई है।

इसरार चौधरी ने जिलाधिकारी से मांग की कि हज एवं उमरा के नाम पर यात्रियों से धनराशि लेने वाले संबंधित व्यक्तियों एवं ट्रैवल एजेंसियों की जांच कराई जाए। यात्रियों से ली गई धनराशि, रसीदों, बैंक लेन-देन तथा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का सत्यापन कराया जाए। साथ ही पीड़ित श्रद्धालुओं की शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित श्रद्धालुओं की धनराशि वापस दिलाने के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके अलावा भविष्य में हज एवं उमरा यात्रियों के आर्थिक शोषण को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा निगरानी एवं जागरूकता की व्यवस्था किए जाने की मांग भी की गई है।

इसरार चौधरी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लानी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
अपर जिलाधिकारी वित्त ने सम्पूर्ण प्रकरण की चांज नगर मजिस्ट्रेट को सौपी है
ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ सपा नेता डा फुरकान गौरी, सपा अनूसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव कर्म सिंह, जहांगीर खान, शारिक मलिक, नफीस मलिक आदि थे

Related Articles

Back to top button