मांडल में सीएलजी बैठक आयोजित, नशा मुक्ति अभियान और रोडवेज समस्या पर हुआ मंथन

मांडल में सीएलजी बैठक आयोजित, नशा मुक्ति अभियान और रोडवेज समस्या पर हुआ मंथन
SvasJsNews
रिपोर्ट: नरेंद्र कुमार रेगर, भीलवाड़ा
मांडल उपखंड कार्यालय में शुक्रवार को उपखंड अधिकारी संजना जोशी की अध्यक्षता में सीएलजी (सिटीजन लायजन ग्रुप) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र से जुड़ी ज्वलंत जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और रोडवेज बसों की आवाजाही प्रमुख मुद्दे रहे। बैठक के दौरान ग्रामीणों और सीएलजी सदस्यों ने युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की लत पर गहरी चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहा है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी कमजोर कर रहा है। इस पर सीएलजी उपाध्यक्ष एवं पुलिस उपाधीक्षक राहुल जोशी ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ आज से ही व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान में पुलिस, प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

बैठक में रोडवेज बसों की अनियमित आवाजाही का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि रोडवेज बसें सीधे पुलिया से निकलकर नीचे मांडल-अजमेर चौराहा और मांडल गांव के बस स्टैंड पर नहीं आ रही हैं, जिससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सीएलजी सदस्यों ने इस समस्या के शीघ्र समाधान और बसों के सुचारु संचालन की मांग रखी। इस अवसर पर मांडल थाना अधिकारी रोहिताश्व यादव सहित सीएलजी सदस्य घनश्याम माणमियां, लालकृष्ण सेन, ओम भडिया, भैरु लाल जाट, श्याम गिरी, छितर मल काबरा, भूपेश कुमार भट्ट, दिनेश कुमार, देशराज जाट, भेरूलाल सेन, प्रेम कुमार सेन, सुरेंद्र प्रताप सुवालका, दिवाकर सोनी, आबिद शेख, बिहारी लाल सारस्वत, किशन सोनी, ओम तेली, अनवर हुसैन अंसारी, सत्तार मोहम्मद अंसारी, वासिफ पठान, इमरान काजी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उपखंड अधिकारी संजना जोशी ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करेगा।



