मिशन शक्ति’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता, दुष्कर्म का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार…

‘मिशन शक्ति’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता, दुष्कर्म का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार…
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान हेतु चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत थाना मंडी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध जारी धरपकड़ अभियान के क्रम में, पुलिस ने दुष्कर्म के मुकदमे में काफी समय से फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्यवाही इंस्पेक्टर रोजन्त त्यागी के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में गश्त और वांछित अपराधियों की तलाश में सक्रिय थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और गोल कोठी चौराहे के पास से अभियुक्त को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान इमरान पुत्र ज़हीर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में अठन्नी वाला खाता खेड़ी क्षेत्र का निवासी है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना मंडी में दुष्कर्म की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। थाना मंडी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद जेल भेजा जा रहा है।



