मंडलायुक्त व डीआईजी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का किया हवाई सर्वेक्षण, शिवभक्तों पर बरसाए फूल…

मंडलायुक्त व डीआईजी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का किया हवाई सर्वेक्षण, शिवभक्तों पर बरसाए फूल…
सुरक्षा, यातायात और रूट डायवर्जन व्यवस्थाओं का लिया जायजा…
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और डीआईजी अभिषेक सिंह ने शनिवार को हेलीकॉप्टर से मुख्य कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती और महत्वपूर्ण स्थलों पर किए गए सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। हवाई सर्वेक्षण के दौरान मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। पुष्पवर्षा से कांवड़ मार्ग पर मौजूद शिवभक्तों में उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया। अधिकारियों ने रूट डायवर्जन, यातायात व्यवस्था, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए सभी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित रहें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगातार भ्रमण कर भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी संसाधन सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ संयमित, विनम्र एवं सेवाभावी व्यवहार करने पर जोर दिया गया। डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देशन में सहारनपुर परिक्षेत्र के तीनों जनपदों में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निर्बाध संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा एवं निगरानी की जा रही है।





