#SvasJsNewsजालौरदुखद समाचारदुर्घटनाब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

महाराष्ट्र में दर्दनाक सड़क हादसा, मारवाड़ी परिवार के तीन सदस्यों की मौत

महाराष्ट्र में दर्दनाक सड़क हादसा, मारवाड़ी परिवार के तीन सदस्यों की मौत

दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम

जालोर।
राजस्थान के जालोर जिले से महाराष्ट्र में रोज़गार के लिए गए एक मारवाड़ी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। यह घटना न केवल एक परिवार की, बल्कि पूरे गांव की आत्मा को झकझोर देने वाली है। महाराष्ट्र के नाशिक–मुंबई हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जैसाराम पुत्र हरजीराम चौधरी (उम्र 53 वर्ष), उनकी धर्मपत्नी अणसी देवी (उम्र 48 वर्ष) तथा उनकी पुत्री पूजा (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है। यह परिवार जालोर जिले के सायला क्षेत्र के निकट मोड़कुणा गांव का निवासी था और रोज़ी-रोटी के लिए महाराष्ट्र के मुंबई-भायंदर क्षेत्र में मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था।


बताया गया कि परिवार दिनांक 2 फरवरी 2026 को घर से दर्शन के लिए निकला था। दर्शन उपरांत जब वे वापस लौट रहे थे, उसी दौरान नाशिक–मुंबई हाईवे पर अचानक यह भीषण सड़क दुर्घटना घटित हो गई। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि परिवार का एक पोत्र और एक पोत्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों शवों को आज शाम गांव लाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

तीन अर्थियों के एक साथ उठने से पूरे मोड़कुणा गांव में सन्नाटा पसर गया। हर आंख नम थी, गांव के लोग आंसुओं पर काबू नहीं रख पा रहे थे। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई इस असहनीय पीड़ा से स्तब्ध है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

— SvasJsNews
राजस्थान ब्यूरो: समरथाराम सुंदेशा
जहां खबर सिर्फ सूचना नहीं, संवेदना भी होती है

Related Articles

Back to top button