100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान को लेकर भीलवाड़ा में जागरूकता की पहल

100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान को लेकर भीलवाड़ा में जागरूकता की पहल
बाल विवाह मुक्ति रथ को किया गया रवाना, गांव-गांव पहुंचेगा संदेश
भीलवाड़ा।
भारत सरकार द्वारा संचालित 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान को प्रभावी बनाने की दिशा में भीलवाड़ा जिले में एक महत्वपूर्ण जागरूकता पहल की गई। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जनचेतना फैलाने के उद्देश्य से जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन अलायंस के सहयोगी नवाचार संस्थान द्वारा बाल विवाह मुक्ति रथ का शुभारंभ किया गया। यह रथ जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचकर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा।
इस अवसर पर बाल अधिकारिता विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक धर्मराज प्रतिहार ने बताया कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर गहरा नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि 100 दिवसीय अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक कर बाल विवाह को जड़ से समाप्त करना है।

बाल विवाह मुक्ति रथ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कर लोगों को यह बताया जाएगा कि बाल विवाह की सूचना देना नागरिक का दायित्व है और इसमें सहयोग करने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाती है। साथ ही पीड़ित बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास और परामर्श की व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में गौरव सारस्वत, अधीक्षक राजकीय संप्रेक्षण गृह, चंद्रकला ओझा, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति, विनोद राव, सदस्य बाल कल्याण समिति, अनुराधा तोलंबिया, संरक्षण अधिकारी जिला बाल संरक्षण इकाई, अरुण कुमावत, सचिव नवाचार संस्थान, जितेंद्र सिंह तोमर, जिला परियोजना समन्वयक, भागवत सिंह चारण, रेड एंड रेस्क्यू ऑफिसर, हेमंत सिंह सिसोदिया, परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा निर्मला पुरोहित, काउंसलर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य अधिकारी व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल विवाह मुक्ति रथ के माध्यम से यह संदेश घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य की पीढ़ी सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त बन सके।
— SvasJsNews
समाज, संवेदना और सच्चाई की आवाज




