#SvasJsNewsब्रेकिंग न्यूज़भीलवाड़ाराजस्थान

एक दिवसीय बैंकर्स आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित

एक दिवसीय बैंकर्स आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित

राजीविका योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर

भीलवाड़ा,
राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परियोजना (राजीविका) के अंतर्गत मंगलवार को जिला स्तर पर एक दिवसीय बैंकर्स आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य राजीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग सेवाओं से अधिक प्रभावी रूप से जोड़ना तथा आजीविका संवर्धन योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन को गति प्रदान करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लीड बैंक मैनेजर श्री अशोक भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि जिला परियोजना प्रबंधक श्री नागेंद्र तोलंबिया उपस्थित रहे। कार्यशाला की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिससे कार्यक्रम को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण मिला।

कार्यक्रम में अमित जोशी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित बैंकर्स का स्वागत करते हुए राजीविका परियोजना की विभिन्न गतिविधियों, उद्देश्यों एवं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बैंकिंग संस्थानों से राजीविका के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहयोग का आह्वान किया।

इसके पश्चात जिला प्रबंधक वित्तीय श्री राजेंद्र बाबर ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में बैंकिंग से संबंधित राजीविका की समस्त प्रगति, ऋण प्रवाह, स्वयं सहायता समूहों की स्थिति तथा वित्तीय समावेशन से जुड़े बिंदुओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बैंकर्स से प्रक्रियाओं को सरल बनाकर समूहों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने पर बल दिया।

मुख्य अतिथि लीड बैंक मैनेजर श्री अशोक भारद्वाज ने कार्यशाला में उपस्थित बैंक मित्रों एवं विभिन्न बैंक शाखाओं से आए अधिकारियों को बैंकिंग कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बैंकिंग प्रणाली की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय प्रक्रियाओं, ऋण वितरण, डिजिटल बैंकिंग एवं वित्तीय अनुशासन पर विस्तार से प्रकाश डाला।


कार्यशाला के दौरान ब्लॉक स्तर की चुनौतियों, ऋण स्वीकृति में आ रही समस्याओं तथा उनके समाधान पर भी विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और बेहतर समन्वय से कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन राजीविका के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने एवं ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।

— SvasJsNews
विकास की पहल, भरोसे की खबर

Related Articles

Back to top button