बिजली व्यवस्था चरमराई, उपभोक्ता बेहाल, OTS में उलझे अधिकारी

बिजली व्यवस्था चरमराई, उपभोक्ता बेहाल, OTS में उलझे अधिकारी
पीलीभीत– जनपद विकासखंड पूरनपुर के पावर हाउस हरीपुर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उपभोक्ताओं को लगातार बिजली कटौती और रोस्टिंग का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागीय अधिकारी और कर्मचारी समस्या समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे। ताजा मामला हरिपुर पावर हाउस के हरिपुर फीडर से जुड़ा है, जहां 24 दिसंबर 2025 की रात लगभग 10:00 बजे अचानक विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
रातभर अंधेरे में डूबे सैकड़ों गांवों के उपभोक्ताओं को करीब 13 घंटे बाद 25 दिसंबर की सुबह लगभग 11:00 बजे बिजली नसीब हुई। मुरादपुर, सुल्तानपुर, जगतपुर, पटिहन, ककरौआ, रसूलपुर सहित आसपास के सैकड़ों गांव इस कटौती से बुरी तरह प्रभावित रहे। ग्रामीणों का कहना है कि ठंड के इस मौसम में बिना बिजली के रात गुजारना बेहद मुश्किल हो गया।
हालांकि सुबह बिजली आने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी। मात्र तीन घंटे तक सप्लाई सामान्य रहने के बाद दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक फिर से रोस्टिंग लागू कर दी गई। इस दौरान भी कई बार सटडाउन हुआ,जिससे उपभोक्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग के अधिकांश कर्मचारी और अधिकारी OTS (वन टाइम सेटलमेंट) योजना में व्यस्त हैं और उनका पूरा ध्यान केवल अधिक से अधिक बिल वसूली पर केंद्रित है। उपभोक्ताओं को बिजली मिल रही है या नहीं, इसकी किसी को परवाह नहीं। न तो समय पर सूचना दी जाती है और न ही फॉल्ट सुधार की कोई ठोस व्यवस्था दिखाई देती है।
ग्रामीण उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि विद्युत आपूर्ति को सुचारू करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि आम जनता को बार-बार इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।



