सहारनपुर में विशेष अभियान शिविर, DM ने किया निरीक्षण, 28-29 को फिर लगेगा कैम्प

सहारनपुर में विशेष अभियान शिविर, DM ने किया निरीक्षण, 28-29 को फिर लगेगा कैम्प
संवाददाता- मो कलीम अंसारी
सहारनपुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आज 22 नवंबर को विशेष अभियान शिविर आयोजित हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने गुरु नानक इंटर कॉलेज में लगे शिविर का निरीक्षण किया। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का पुनरीक्षण चल रहा है। इसी के तहत दावे और आपत्तियां लेने के लिए जनसामान्य की सुविधा हेतु आज विभिन्न स्थानों पर विशेष अभियान आयोजित किए गए। निरीक्षण के दौरान DM ने उपस्थित BLO से फॉर्म 6, 7 और 8 की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष अभियान दिवसों पर जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित BLO और पदाभिहित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। मतदाताओं की सुविधा के लिए हर मतदान केंद्र पर एक हेल्प डेस्क भी बनाई गई है, जहां नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए फॉर्म भरने में मदद दी जा रही है। सभी पात्र नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य कर लें और आवश्यकतानुसार आवेदन प्रस्तुत करें। 28 एवं 29 नवंबर को भी विशेष अभियान आयोजित होगा।
कौन सा फॉर्म किस काम का
फॉर्म-6 – ऐसे युवा / नागरिक जिनकी आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, या जो अब तक मतदाता नहीं बने हैं, वे नाम जुड़वाने के लिए।
फॉर्म-7 – मतदाता सूची में किसी नाम को हटवाने या आक्षेप दर्ज कराने के लिए।
फॉर्म-8 – मतदाता सूची में दर्ज विवरण – नाम, पता, आयु, फोटो आदि में संशोधन, एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्टिंग, डुप्लीकेट EPIC बनवाने या दिव्यांगजन चिन्हांकन के लिए। DM ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, BLA, सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों से भी अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और सफल क्रियान्वयन में सहयोग की अपील की है।



