भीरा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत नौ वर्षीय गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलाया

भीरा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत नौ वर्षीय गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलाया
ब्यूरो रिपोर्ट: तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। थाना भीरा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत तत्परता दिखाते हुए नौ वर्षीय गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता से मिला दिया। पुलिस की इस मानवीय पहल से परिवार के चेहरे पर खुशी लौट आई। जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर की रात करीब आठ बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि इब्राहिमपुर चौराहे पर करीब नौ वर्षीय एक बालक मौजूद है, जो अपना सही नाम और पता नहीं बता पा रहा है। सूचना पर पीआरवी-6674 की टीम मौके पर पहुंची और बालक को पुलिस चौकी पड़रिया तुला ले गई। इसके बाद थाना भीरा पुलिस ने बालक के परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस के प्रयासों से 22 नवंबर को बालक की पहचान सूरज पुत्र रमेश, निवासी ग्राम मलूकापुर कला, थाना भीरा के रूप में हुई। इसके बाद उसके माता-पिता को बुलाकर आवश्यक सत्यापन किया गया और बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश वर्मा, कांस्टेबल विशाल कुमार और होमगार्ड चालक देवेंद्र मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



