जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने फीता काटकर किया सहारनपुर खादी महोत्सव 2026-27 का भव्य उद्घाटन

जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने फीता काटकर किया सहारनपुर खादी महोत्सव 2026-27 का भव्य उद्घाटन
कंपनी बाग में सजी स्वदेशी उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी, विभिन्न राज्यों और जनपदों से पहुंचे उद्यमियों के उत्पादों का किया अवलोकन; ग्रामोद्योग पुरस्कार विजेताओं को प्रमाण-पत्र, शील्ड और डमी चेक देकर किया सम्मानित
संवाददाता – मो कलीम अंसारी
सहारनपुर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, स्थानीय कारीगरों एवं लघु उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और खादी तथा ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कंपनी बाग में आयोजित सहारनपुर खादी महोत्सव 2026-27 का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने फीता काटकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उद्घाटन के उपरांत जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने प्रदर्शनी में विभिन्न शहरों एवं राज्यों से पहुंचे उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण किया। उन्होंने वहां प्रदर्शित खादी वस्त्रों, हस्तनिर्मित सामान, ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों तथा अन्य स्वदेशी वस्तुओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने उद्यमियों से उनके उत्पादों और व्यवसाय के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर आर्य कन्या विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति ने समारोह को आकर्षक बना दिया। इसके बाद मंडल स्तरीय ग्रामोद्योग पुरस्कार के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा प्रमाण-पत्र, शील्ड एवं डमी चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्वदेशी उत्पाद अपनाने का किया आह्वान
जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने अपने संबोधन में स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और उन्हें बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पाद देश की परंपरा, आत्मनिर्भरता और स्थानीय रोजगार के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से छोटे उद्यमियों, कारीगरों और ग्रामीण क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलता है।
उन्होंने विभिन्न राज्यों एवं जनपदों से आए उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्पादों की सराहना की और आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं, जिससे स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिल सके।
वोकल फॉर लोकल की विचारधारा पर दिया जोर
जिला पंचायत सदस्य रामेन्द्र ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री की वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी अपनाओ की विचारधारा पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने से देश के छोटे उद्योगों और कारीगरों को आर्थिक मजबूती मिलती है। खादी महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी श्रीमती माधवी सिंह ने महात्मा गांधी जी के विचारों को याद करते हुए खादी एवं स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वावलंबन, सादगी और देश की आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की जानकारी लेने और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने का अनुरोध किया।
छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने भी किया भ्रमण
खादी महोत्सव में युवाओं और महिलाओं की भी सहभागिता देखने को मिली। राजकीय पॉलीटेक्निक सहारनपुर तथा आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विभिन्न उत्पादों और ग्रामोद्योग से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। वहीं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं महिलाओं ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी श्रीमती माधवी सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मुजफ्फरनगर सोम प्रकाश, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी शामली जुगल किशोर सहित खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से खादी, ग्रामोद्योग, स्थानीय हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। महोत्सव में विभिन्न राज्यों और जनपदों से आए उद्यमियों की भागीदारी ने प्रदर्शनी को विशेष आकर्षण प्रदान किया।





