गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर सहारनपुर में निकला भव्य नगर कीर्तन

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर सहारनपुर में निकला भव्य नगर कीर्तन
पंच प्यारों की अगुवाई में निकली पालकी साहिब,गतका प्रदर्शन और गुरबाणी कीर्तन ने बांधा समां
संवाददाता -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर 22 नवम्बर।श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आज श्री गुरु सिंह सभा सहारनपुर की ओर से भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। पंच प्यारों की अगुवाई में निकाले गए नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया। पूरे मार्ग में ‘श्री सतनाम वाहेगुरु’ और ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरुद्वारा रोड से हुआ। संगत द्वारा मधुर गुरबाणी कीर्तन और गुरु महाराज के जयकारों से पूरा शहर भक्तिरस में सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह शीश नवाकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर कीर्तन में फूलों से सजी भव्य पालकी साहिब में विराजमान गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन सवारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीँ रंजीत अखाड़ा के प्रधान स.कुलबीर सिंह राणा की छत्रछाया में सिख युवाओं द्वारा प्रस्तुत गतका के हैरतअंगेज करतबों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगर कीर्तन के दौरान सड़क की सफाई करते चल रहे सेवादारों ने निस्वार्थ सेवा, स्वच्छता और समर्पण का प्रेरणादायक संदेश दिया। स्कूली बच्चों की सहभागिता ने भी आयोजन की शोभा बढ़ाई।
नगर कीर्तन के स्वागत के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा की गई। जगह-जगह जलपान एवं प्रसाद वितरण के स्टाल लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं ने सेवा भाव से संगत का स्वागत किया।
नगर कीर्तन गुरुद्वारा रोड से प्रारंभ होकर अंबाला रोड, घंटाघर, भगत सिंह मार्ग, शहीद गंज, चौक फव्वारा, मोरगंज और श्री रामलीला भवन से होते हुए पंजाबी गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस भव्य आयोजन ने गुरु नानक देव जी महाराज के प्रेम, समानता, मानवता, सेवा और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। पूरा सहारनपुर गुरबाणी, सेवा और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर मुख्य रूप स. गुरप्रीत सिंह बग्गा, सतविंदर सिंह माकन, दलजीत सिंह कोचर, कुलवंत सिंह भाटिया, हरनीत सिंह, जोगिंदर सिंह, डॉ एम पी सिंह चावला, स. मनप्रीत सिंह दुआ, एच एस चड्ढा, गुरप्रीत सिंह बब्बर, राजेंद्र सिंह कोहली, रमन सेठी, आदि उपस्थित रहे।





