सीडीओ अभिषेक कुमार को भावभीनी विदाई, डीएम ने सराहा कार्यों के प्रति समर्पण

सीडीओ अभिषेक कुमार को भावभीनी विदाई, डीएम ने सराहा कार्यों के प्रति समर्पण
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। जिले में दो वर्ष दो माह के सफल कार्यकाल के बाद स्थानांतरित हुए मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार को मंगलवार शाम विकास भवन सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीडीओ अभिषेक कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि सीमित सेवा अनुभव के बावजूद उन्होंने प्रशासनिक परिपक्वता, सौम्यता, धैर्य और कार्य के प्रति समर्पण का परिचय दिया। विकास कार्यों की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीएम ने डिजिटल लाइब्रेरी, क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली समेत विभिन्न नवाचारों का भी उल्लेख किया।
विदाई समारोह में सीडीओ अभिषेक कुमार ने डीएम सहित जिले की पूरी टीम के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेहतर टीम भावना और समन्वय से जिले ने विकास रैंकिंग में उल्लेखनीय प्रगति की और कई बार टॉप-10, टॉप-5 तथा टॉप-3 में स्थान बनाया।
उन्होंने अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में एक हजार तालाबों का निर्माण, एक हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालयों में खेल मैदान, एनआरएलएम में लगातार सात माह प्रदेश में प्रथम स्थान तथा प्राथमिक विद्यालयों में पिछले वर्ष की तुलना में करीब आठ हजार अधिक बच्चों के नामांकन का उल्लेख किया।
अभिषेक कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संदेश देते हुए कहा कि निर्णय लेने में देरी कई बार गलत निर्णय से भी अधिक नुकसानदायक होती है। स्वयं को लाभार्थी की जगह रखकर समयबद्ध निर्णय लेने से आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता है।
इस अवसर पर पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र, डीसी जीरामजी सहित जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



