अवैध शराब और चाकू के साथ तीन अभियुक्त गिरफ्तार

अवैध शराब और चाकू के साथ तीन अभियुक्त गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर अपराध रोकथाम, वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ तथा अवैध शस्त्र व शराब की तस्करी पर लगाम लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली मण्डी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी सिटी व क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के कुशल नेतृत्व में मण्डी पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज चेकिंग के दौरान मण्डी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मण्डी समिति चौकी क्षेत्र से अवैध शराब की तस्करी में लिप्त दो अभियुक्तों को कूड़े के ढेर के पास दीवार के किनारे से रंगे हाथों पकड़ा। तलाशी में पहले अभियुक्त खालिद पुत्र सईद (निवासी नासिर कालोनी, थाना कुतुबशेर) के कब्जे से 23 पव्वे देशी शराब ‘महबूबा’ उ.प्र. मार्का और दूसरे अभियुक्त भूरा पुत्र हनीफ (निवासी बिलाल मस्जिद वाली गली, कमेला कालोनी, थाना मण्डी) के कब्जे से 22 पव्वे देशी शराब ‘महबूबा’ मार्का बरामद हुए। शराब तस्करी के मामलों में अभियुक्त खालिद पर मु.अ.सं. 449/26 व भूरा पर मु.अ.सं. 450/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मामले दर्ज किए गए हैं।
इसी कड़ी में, मण्डी पुलिस ने कूड़ा घर के पास बने खण्डहर से अवैध शस्त्र रखने वाले एक शातिर अभियुक्त राहिल पुत्र सगीर (निवासी रहमानी चौक, गली नं. 4, चांद कालोनी, थाना मण्डी) को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 01 नाजायज चाकू बरामद हुआ। इसके खिलाफ थाना मण्डी पर मु.अ.सं. 448/26 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप-निरीक्षक राहुल शर्मा, हैड कांस्टेबल कपिल कुमार, हैड कांस्टेबल अनिल कुमार, हैड कांस्टेबल गौरव त्यागी, कांस्टेबल रवि कुमार, कांस्टेबल अनुज पाल एवं कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें समय से न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।



