बकरियां चराते किसान पर झपटा बाघ, ग्रामीणों के शोर मचाने पर जंगल की ओर भागा

बकरियां चराते किसान पर झपटा बाघ, ग्रामीणों के शोर मचाने पर जंगल की ओर भागा
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। बांकेगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत भरिगवां में रविवार को बाघ ने बकरियां चरा रहे एक किसान पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में किसान जियन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ किसान को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
बताया गया कि भरिगवां गांव के पूर्वी दिशा में बादाम सिंह यादव के खेत के पास जियन लाल बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले बाघ ने उन पर हमला कर दिया। किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के शोर से बाघ किसान को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही मैलानी वन रेंज की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने घायल किसान को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय लखीमपुर रेफर कर दिया।
गांव के नजदीक बाघ के हमले की घटना से भरिगवां और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ की मौजूदगी के चलते किसान खेतों में जाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
मैलानी वन रेंज के दरोगा प्रदीप कुमार पांडे ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। मौके पर मिले पगचिह्नों से किसान पर बाघ के हमले की पुष्टि हुई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि खेतों और गांव के आसपास अकेले न जाएं तथा समूह बनाकर ही खेतों की ओर जाएं। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है।



