#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

सिकंदराबाद में तीन सर्राफा दुकानों की चोरी का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार

सिकंदराबाद में तीन सर्राफा दुकानों की चोरी का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार

नीमगांव पुलिस ने चोरी का माल किया बरामद, सीसीटीवी और पान के पत्तों से मिला अहम सुराग

ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। थाना नीमगांव क्षेत्र के कस्बा सिकंदराबाद में तीन सर्राफा दुकानों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सफेद धातु की पायल, बिछिया, ताबीज, सिक्का और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में एक अन्य साथी का नाम भी प्रकाश में आया है।

पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत नीमगांव पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिकंदराबाद निवासी नीरज पाण्डेय उर्फ पप्पू पंडित (40) और शालू (30) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, तीन दिन से बंद एक सर्राफा दुकान के काउंटर पर पान के पत्तों के टुकड़े मिलने से जांच टीम को अहम सुराग मिला। इससे चोरों के लगातार पान खाने की आदत का पता चला। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्धों के घटना से पहले इलाके की रेकी करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई।

पुलिस ने नीरज पाण्डेय के कब्जे से एक सफेद धातु का सिक्का, एक जोड़ी पुरानी पायल, एक जोड़ी नई पायल, छह नई बिछिया, चार पुरानी बिछिया, पांच ताबीज और कुछ टूटी-फूटी सफेद धातु बरामद की। वहीं शालू के कब्जे से एक जोड़ी पुरानी पायल, एक जोड़ी नई पायल, छह नई बिछिया, चार पुरानी बिछिया, चार ताबीज और कुछ टूटी-फूटी सफेद धातु बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। नीरज पाण्डेय के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं शालू के खिलाफ भी चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

चोरी के मामले में बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम, उपनिरीक्षक रामगौरव, उपनिरीक्षक संदीप यादव, हेड कांस्टेबल निसार अहमद, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र शुक्ला, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार और कांस्टेबल सुग्रीव गंगवार शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button