जिला पोषण समिति की बैठक में डीएम ने की योजनाओं की समीक्षा, दिए निर्देश

जिला पोषण समिति की बैठक में डीएम ने की योजनाओं की समीक्षा, दिए निर्देश
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 29 अगस्त। जिले में पोषण व्यवस्था को प्रभावी बनाने और अधूरे निर्माण कार्यों को समय से पूरा कराने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक हुई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, 11 सीडीपीओ कार्यालयों की परियोजनावार प्रगति सहित विभिन्न पोषण योजनाओं की समीक्षा की गई।
डीएम ने सीडीपीओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने के लिए तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एमओआईसी को एएनएम द्वारा पोर्टल पर भरी जाने वाली सूचनाओं की समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित कराने को कहा। डीएम ने निर्देश दिया कि सीडीपीओ और एमओआईसी स्वयं पोर्टल एवं संबंधित इंडिकेटरों की पूरी जानकारी रखें, ताकि योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं का बेहतर पोषण और छह वर्ष तक के बच्चों की नियमित निगरानी उनके स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव है। बैठक में वित्तीय वर्षवार आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
इसके बाद निर्माणाधीन 11 सीडीपीओ कार्यालयों की प्रगति जानी गई। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल द्वारा पांच परियोजनाएं पूर्ण किए जाने की जानकारी दी गई। डीएम ने पूर्ण परियोजनाओं में बची कमियों को तत्काल दूर कराकर सत्यापन कराने और इसके बाद हैंडओवर की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शेष छह परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई समय से पूरा कराने को कहा।
वजन मशीनों और कम वजन वाले शिशुओं के फॉलोअप पर जोर
संभव अभियान की समीक्षा के दौरान डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन मशीनों की उपलब्धता और उनके क्रियाशील होने की जानकारी ली। उन्होंने सभी केंद्रों पर वजन मशीन उपलब्ध रखने और नियमित रूप से उनका उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कम जन्म वजन वाले शिशुओं के आशा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे फॉलोअप की भी समीक्षा की गई।
पोषण ट्रैकर पर चिन्हित सैम बच्चों के ई-कवच पर पंजीकरण एवं प्रबंधन की स्थिति की जानकारी लेते हुए डीएम ने बच्चों के उपचार और फॉलोअप को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
एनआरसी में भर्ती बच्चों की भी समीक्षा
डीएम ने एनआरसी में उपलब्ध बेड और भर्ती बच्चों की संख्या का ब्योरा लिया। उन्होंने कुपोषित बच्चों के उपचार और फॉलोअप की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएमओ और डीपीओ को ई-कवच पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने तथा बच्चों की पहचान, पंजीकरण, उपचार और फॉलोअप से संबंधित डाटा समय से अपडेट कराने को कहा।
बैठक में सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, पीडी सतीश कुमार पाण्डेय, जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, डीपीओ (आईसीडीएस) भारत प्रसाद सहित सभी एमओआईसी और सीडीपीओ मौजूद रहे।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोषण योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं की जमीनी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें।



