राइजिंग चाइल्ड स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव

राइजिंग चाइल्ड स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव
रायबरेली। शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में रक्षाबंधन उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर प्रेम और स्नेह का प्रतीक राखी बांधी। छात्राओं ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। वहीं छात्रों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया। राखी बांधने के पश्चात छात्राओं ने भाइयों को मिष्ठान खिलाया और सभी ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने रक्षाबंधन पर्व के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि यह आपसी विश्वास, स्नेह, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश भी देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े पर्वों के महत्व को समझने तथा उनके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का पर्व है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनो से बच्चों को भारतीय संस्कारों और संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ उनमें प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना भी विकसित होती हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण भाई-बहन के स्नेह और उत्साह से सराबोर रहा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ रक्षाबंधन पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र नाथ हरि, सावन गुप्ता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।



