एनएसपीएस त्रिपुला में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

एनएसपीएस त्रिपुला में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
छात्राओं ने अधिकारियों को राखी बांधकर लिया समाज की सुरक्षा का संकल्प
रायबरेली। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, त्रिपुला में भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाते हुए सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश एवं विद्यालय परिसर में पेड़ को राखी बांधकर की गई। विद्यार्थियों ने प्रकृति की रक्षा का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाई। छात्रों ने भी बहनों के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लिया।
विद्यालय की छात्राओं ने जनपद के अधिकारियों डीएम सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ, बीएसए राहुल सिंह, सीएमओ नवीन चंद्रा, एसडीएम वीर सिंह, डीआईओएस कार्यालय वित्त एवं लेखाधिकारी डॉ पीयूष शर्मा को राखी बांधी। छात्राओं ने अधिकारियों के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए समाज की सुरक्षा एवं बेटियों की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का वचन लिया।
प्रधानाचार्य शर्मिला दास गुप्ता ने बताया कि विद्यालय में भारतीय त्योहारों का आयोजन विद्यार्थियों को देश की समृद्ध संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं से परिचित कराने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक मूल्यों की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में फैजान खान, शिवकरन पाल, संचिता त्रिवेदी, प्रशांत पांडेय, शुभी सिंह, अजय सिंह, राकेश अवस्थी, गिरीश श्रीवास्तव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।



