#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

रक्षासूत्र बांधकर मनाया रक्षा बन्धन, राखी निर्माण कार्यशाला एवं मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन

रक्षासूत्र बांधकर मनाया रक्षा बन्धन, राखी निर्माण कार्यशाला एवं मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन

ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी  -सनातन धर्म सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज, मिश्राना में गुरुवार को रक्षा बन्धन पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और भारतीय संस्कृति की भावनाओं के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्व के महत्व को उजागर किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सुंदर गीतों एवं कविताओं की प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही विद्यालय में राखी निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने आकर्षक एवं कलात्मक राखियां तैयार कीं। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न रंगों और सजावटी सामग्री से राखियां बनाईं।

रक्षा बन्धन के अवसर पर विद्यालय की छात्रा बहनों ने सामाजिक सरोकार से जुड़ी अनूठी पहल करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोतवाली, महिला थाना, संस्कृत विद्यालय एवं सीमा सुरक्षा बल कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों और जवानों को रक्षा सूत्र बांधा। छात्राओं ने अधिकारियों एवं सुरक्षा जवानों को रक्षाबन्धन की शुभकामनाएं देते हुए भाई-बहन के प्रेम, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

इस दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और रक्षाबन्धन पर्व की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं द्वारा पुलिस एवं सीमा सुरक्षा बल के जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का दृश्य भावुक और प्रेरणादायक रहा।

विद्यालय में आयोजित मेंहदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 246 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अपने हाथों पर आकर्षक मेंहदी डिजाइन बनाकर अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजयी प्रतिभागियों को विद्यालय की प्रधानाचार्य द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभिभावक माताएं देवरिचा सक्सेना एवं रेखा मिश्रा उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन रिंकी पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी राजेश दीक्षित भी उपस्थित रहे और छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई ने सभी को रक्षाबन्धन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबन्धन केवल भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व ही नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण, राष्ट्र और समाज की रक्षा का संकल्प लेने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि रक्षाबन्धन के पर्व में हमारी सनातन संस्कृति की सुंदर झलक दिखाई देती है।

प्रधानाचार्य ने छात्राओं से कहा कि आधुनिक समय में टीवी विज्ञापनों और सोशल मीडिया से प्रभावित होने के बजाय हमें रक्षाबन्धन की मूल भावना और भारतीय परंपराओं को समझना चाहिए। पर्व का वास्तविक उद्देश्य प्रेम, विश्वास, सुरक्षा, जिम्मेदारी और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने छात्राओं को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़े रहने का संदेश दिया।

विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने छात्राओं को जहां भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ा, वहीं अधिकारियों एवं सुरक्षा जवानों को रक्षा सूत्र बांधकर छात्राओं ने समाज और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं कर्तव्य भावना का संदेश भी दिया।

Related Articles

Back to top button