लखनऊ मण्डल की जूनियर बालक कबड्डी टीम के गठन हेतु चयन ट्रायल्स 30 अगस्त व 1 सितम्बर को

लखनऊ मण्डल की जूनियर बालक कबड्डी टीम के गठन हेतु चयन ट्रायल्स 30 अगस्त व 1 सितम्बर को
रायबरेली, 29 अगस्त 2026
क्रीड़ाधिकारी धीरेंद्र कुमार पुरुषोत्तम ने बताया कि खेल निदेशालय, उ०प्र० लखनऊ के अनुपालन में प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन अयोध्या में 07 से 09 सितम्बर 2026 तक किया जाना निर्धारित है। प्रतियोगिता में लखनऊ मण्डल की टीम प्रतिभाग करेगी। टीम के गठन हेतु जिला एवं मण्डल स्तरीय चयन ट्रायल्स निर्धारित किए गए हैं।
जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स का आयोजन 30 अगस्त 2026 को दोपहर 02:00 बजे जिला खेल कार्यालय स्टेडियम, रायबरेली में किया जाएगा। वहीं मण्डलीय ट्रायल्स 01 सितम्बर 2026 को प्रातः 09:00 बजे के०डी० सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित होंगे।
क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि जूनियर बालक वर्ग के लिए खिलाड़ी की जन्मतिथि 01.01.2027 निर्धारित मानक के अनुसार होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के लिए सक्षम स्तर से निर्गत एवं प्रमाणित पात्रता प्रमाण-पत्र एवं जन्म प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। पात्रता प्रमाण-पत्र के बिना किसी भी खिलाड़ी को चयन प्रक्रिया में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रत्येक खिलाड़ी को अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा जारी पात्रता प्रमाण-पत्र की दो प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। प्रमाण-पत्र पर खिलाड़ी का फोटो चिपका हुआ एवं प्रधानाचार्य द्वारा सत्यापित होना चाहिए। साथ ही जन्मतिथि अंकों एवं शब्दों दोनों में अंकित होने के साथ प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर एवं विद्यालय की मुहर लगी होना अनिवार्य है।



