मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, बहू-बेटी सम्मेलन में सुरक्षा का दिया संदेश

मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, बहू-बेटी सम्मेलन में सुरक्षा का दिया संदेश
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर-खीरी, 30 अगस्त। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत खीरी पुलिस द्वारा साइकिल रेस प्रतियोगिता एवं बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। साइकिल रेस में जनपद के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में अध्ययनरत छात्राओं एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के बाद आयोजित बहू-बेटी सम्मेलन में पुलिस टीम ने छात्राओं, महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधे संवाद कर महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न एवं दहेज हत्या के विरुद्ध कानूनी प्रावधान, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा तथा परिवार में आपसी संवाद और सौहार्द बनाए रखने को लेकर जागरूक किया गया।
सम्मेलन में साइबर अपराध से बचाव पर भी विशेष जोर दिया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को मोबाइल फोन, सोशल मीडिया, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और ओटीपी साझा करने से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल **1930** पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने आपात स्थिति में सहायता के लिए 112 पुलिस सहायता, 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस तथा 102 स्वास्थ्य/एंबुलेंस सेवा की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक खीरी अवनीश कुमार, महिला थानाध्यक्ष बबिता पटेल, मिशन शक्ति सेल के आरक्षी सरजू प्रसाद दूबे, महिला आरक्षी रेखा, श्वेता एवं पूजा मौर्या सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
खीरी पुलिस ने संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्राथमिकता है। महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की गई।



