मिशन शक्ति 5.0: थाना मंडी पुलिस ने चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

मिशन शक्ति 5.0: थाना मंडी पुलिस ने चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
ब्यूरो रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर शासन के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ के द्वितीय चरण के तहत रविवार को थाना मंडी की एंटी रोमियो टीम ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और बीट इलाकों में विशेष चौपाल का आयोजन किया। थाना प्रभारी विरेंद्र राणा के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय महिलाओं व बालिकाओं से सीधा संवाद कायम कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
चौपाल में अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्टिंग, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया पर फैलने वाली झूठी अफवाहों और विविध साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक तरीके समझाए। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण हेतु संचालित सरकारी योजनाओं, बाल अधिकारों और बाल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—वूमेन पावर लाइन (1090), साइबर अपराध हेल्पलाइन (1930), पुलिस आपातकालीन सेवा (112), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) और एंबुलेंस सेवा (108) के उपयोग व महत्व के बारे में जागरूक किया गया, ताकि हर महिला खुद को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सके।



