डीएम ने नवोदय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण…

डीएम ने नवोदय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण…
ब्यूरो रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मिर्जापुर-अम्बेहटा चांद का औचक निरीक्षण कर मेस, छात्रावास, कक्षाओं, पेयजल और खेल सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेस में बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट और फ्रिज में रखी सामग्री की स्वयं जांच की। डीएम ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन मिले और मेस में साफ-सफाई व व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने पेयजल की नियमित जांच और उसकी रिपोर्ट का अलग रजिस्टर रखने को कहा। छात्रावासों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कक्षाओं में पहुंचकर डीएम ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी कॉपियां देखीं। कक्षा छह के नवप्रवेशित बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।प्रधानाचार्य ने बताया कि पिछले वर्ष विद्यालय के नौ विद्यार्थियों का आईआईटी और दो का नीट में चयन हुआ। वहीं 13 विद्यार्थी ताइक्वांडो और दो छात्र हैंडबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर रहे हैं। विद्यालय में करीब 305 मीटर क्षतिग्रस्त सीसी रोड के संबंध में डीएम ने प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम, जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव सहित विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



