#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

झाड़ियों में रोती-बिलखती मिली नवजात बच्ची, आवाज सुन दौड़े ग्रामीण; फरधान पुलिस ने बचाई मासूम की जान

झाड़ियों में रोती-बिलखती मिली नवजात बच्ची, आवाज सुन दौड़े ग्रामीण; फरधान पुलिस ने बचाई मासूम की जान

ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी– फरधान थाना क्षेत्र में बेहजम रोड पर कैमासुर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के आगे गन्ने के खेत और झाड़ियों के बीच नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनकर सनसनी फैल गई। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो एक मासूम बच्ची लावारिस हालत में पड़ी रोती-बिलखती मिली। उसकी हालत देखकर लोगों का दिल दहल उठा।

ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही लीलाकुआं चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात बच्ची को सुरक्षित चौकी लेकर आई। रोती-बिलखती मासूम को पुलिसकर्मियों ने दूध पिलाकर शांत कराया और उसकी देखभाल की।

इसके बाद पुलिस ने बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसके माता-पिता अथवा अन्य परिजनों का पता नहीं चल सका। बच्ची की हालत को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उसका उपचार कराया गया।

गन्ने के खेत और झाड़ियों के बीच नवजात को इस तरह अकेला छोड़ दिए जाने की घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। जिस मासूम को जन्म के बाद मां-बाप की गोद और ममता मिलनी चाहिए थी, वह खेत में अकेली रोती-बिलखती मिली। ऐसे समय में फरधान पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित बचाया और उसे समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।

फिलहाल पुलिस बच्ची को खेत में छोड़कर जाने वाले लोगों की तलाश में जुटी है। परिजनों का पता चलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात को इस तरह खेत में छोड़ने के पीछे आखिर क्या वजह थी।

Related Articles

Back to top button