लखीमपुर में स्कूली वाहनों पर एआरटीओ की सख्ती, सात वाहन बंद

लखीमपुर में स्कूली वाहनों पर एआरटीओ की सख्ती, सात वाहन बंद
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी -स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने बुधवार को जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत एआरटीओ शांति भूषण पांडे के नेतृत्व में टीम ने एलआरपी चौराहे से रामपुर, खमरिया और सिसैया तक वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले सात स्कूली वाहनों को बंद कर दिया गया। एलआरपी चौराहे पर एक अनाधिकृत बस भी पकड़ी गई। इसके अलावा ओवरलोडिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन में आठ वाहनों को खमरिया थाने में बंद कराया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 40 लोगों के चालान किए गए। परिवहन विभाग की कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
एआरटीओ शांति भूषण पांडे ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनाधिकृत संचालन, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



