पुलिसकर्मियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण

पुलिसकर्मियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 19 अगस्त।अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय लखनऊ के आदेशानुसार जनपद खीरी में पुलिसकर्मियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन एवं आपात स्थिति में प्रभावी बचाव कार्य का प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर विभिन्न अग्निशमन केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनपद के थाना-चौकियों में पहुंचकर पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रभारी फायर स्टेशन लखीमपुर, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी प्रदीप कुमार ने कोतवाली सदर में, प्रभारी फायर स्टेशन गोला, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी अंकित कुमार ने थाना गोला एवं हैदराबाद में तथा प्रभारी फायर स्टेशन पलिया, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी राहुल कुमार वर्मा ने थाना पलिया में प्रशिक्षण दिया। वहीं प्रभारी फायर स्टेशन धौरहरा की ओर से चालक उदयवीर ने थाना धौरहरा में पुलिसकर्मियों को अग्निशमन संबंधी जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन एवं उनके सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी गई। विशेष रूप से डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में आग लगने की घटना के दौरान तत्काल उठाए जाने वाले कदमों के बारे में बताया गया।
पुलिसकर्मियों को आग की स्थिति में घटनास्थल पर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, आवश्यक सावधानियां बरतने तथा अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना देने की प्रक्रिया भी समझाई गई। इसके अलावा आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए नजदीकी अग्निशमन केंद्रों के संपर्क नंबरों का भी प्रचार-प्रसार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आगजनी की घटनाओं में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना तथा संभावित जनहानि को न्यूनतम करना है।



