निर्माणाधीन पुल के पास हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

निर्माणाधीन पुल के पास हादसा, बाइक सवार युवक की मौत
रिपोर्ट- अखिलेश यादव पीलीभीत
पीलीभीत। पूरनपुर-खुटार आसाम हाईवे पर कढ़ेरचौराहा के आगे निर्माणाधीन पुल के पास बुधवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव केसरीपुर निवासी रमन पुत्र नरेश अपने भांजे सुमित पुत्र अजय निवासी बकेनिया, थाना खुटार, जनपद शाहजहांपुर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन पुल के पास हाईवे पर रखे ड्रम से उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि रमन का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद निर्माणाधीन पुल की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर लगाए गए ड्रमों की दृश्यता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माणाधीन पुल के आसपास पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाए गए होते तो हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।



