पढ़ाई को लेकर डांट से नाराज होकर घर से निकला 11 वर्षीय बालक, चार घंटे में सकुशल बरामद

पढ़ाई को लेकर डांट से नाराज होकर घर से निकला 11 वर्षीय बालक, चार घंटे में सकुशल बरामद
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 27 सितंबर। कोतवाली सदर क्षेत्र की रामापुर चौकी पुलिस ने घर से निकले 11 वर्षीय बालक को त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली।पुलिस के अनुसार सतीश नगर कॉलोनी, रामापुर निवासी नीरज कुमार ने चौकी रामापुर में सूचना दी कि उनके 11 वर्षीय पुत्र शुभांकर शुक्ला को पढ़ाई को लेकर डांटा गया था। इसके बाद वह सुबह करीब आठ बजे दूध लेने और मार्केट जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।
सूचना मिलते ही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रामापुर चौकी पुलिस टीम ने तत्काल तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित रास्तों और स्थानों पर सघन चेकिंग करते हुए बालक की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने शुभांकर शुक्ला को करीब चार घंटे में सकुशल बरामद कर लिया।
बालक को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे के सकुशल वापस मिलने पर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में की गई।



