#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

सड़कों पर उतरे डीएम, अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

सड़कों पर उतरे डीएम, अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

ईदगाह में झुके पेड़ से मकानों को खतरा देख शिफ्टिंग के निर्देश, शिव कॉलोनी में पंप से जलनिकासी और छाउछ में विद्युत बहाली की परखी स्थिति

ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला


लखीमपुर-खीरी, 27 सितंबर। अतिवृष्टि और तेज हवाओं के बाद शहर में उत्पन्न परिस्थितियों का जायजा लेने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह रविवार को खुद सड़कों पर उतरे। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह समेत अन्य अधिकारियों के साथ उन्होंने शहर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर जलभराव, गिरे व झुके पेड़ों तथा विद्युत आपूर्ति की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम सबसे पहले ईदगाह मोहल्ले पहुंचे। यहां तेज हवा के कारण एक पेड़ झुक गया था, जिससे आसपास स्थित मकानों को खतरा बना हुआ था। वन विभाग की टीम पेड़ को सुरक्षित तरीके से हटाने में जुटी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने आसपास के घरों को तत्काल खाली कराने तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम ने शिव कॉलोनी का निरीक्षण किया। यहां जलभराव की स्थिति को देखते हुए उन्होंने सैम्पवेल के माध्यम से पानी पंप आउट कराकर जल्द जलनिकासी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम ने विधायक संग किया विद्युत वितरण केंद्र छाउछ का निरीक्षण

इसके बाद जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने सदर विधायक योगेश वर्मा के साथ विद्युत वितरण केंद्र छाउछ का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम से विद्युत आपूर्ति बहाली यानी पावर रीस्टोरेशन कार्य की जानकारी ली। डीएम ने अभियंताओं को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए जल्द से जल्द बिजली बहाल की जाए। साथ ही पेयजल आपूर्ति प्रभावित क्षेत्रों में भी व्यवस्था शीघ्र सामान्य कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने बताया कि तेज हवाओं और बारिश के कारण बड़ी संख्या में पेड़ सड़कों और विद्युत लाइनों पर गिर गए हैं। इनके निस्तारण के लिए वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीमें लगाई गई हैं। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर रहकर राहत एवं बहाली के कार्य में जुटी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति जल्द सामान्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवा राजू आर, ईओ संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button