48 घंटे में महिला से चैन छीनने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

48 घंटे में महिला से चैन छीनने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
पलिया पुलिस ने सोने की चैन, तीन मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक की बरामद
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
पलिया-खीरी, 27 सितंबर। पलिया कोतवाली पुलिस ने महिला से चैन छीनने की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दो चैन छीनने की घटना में शामिल थे, जबकि तीसरा आरोपी छिनैती का माल खरीदने वाला बताया गया है। आरोपियों के कब्जे से महिला से छीनी गई पीली धातु की चैन, तीन मोबाइल फोन, भारतीय व नेपाली मुद्रा तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, पटिहन क्षेत्र में महिला से चैन छीनने की घटना के संबंध में थाना पलिया में मुकदमा अपराध संख्या 288/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने 27 सितंबर की सुबह करीब 7:28 बजे मानफार्म जाने वाले रास्ते पर केले के खेत के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा पुत्र प्रेमचन्द निवासी नई बस्ती ढाकिन, थाना पलिया, हाल निवासी थारुपुरवा, पलिया, पवन पुत्र रामरतन निवासी ढाकिन, थाना पलिया तथा अमरनाथ पुत्र भरत निवासी ग्राम खण्डा, थाना हनुमानगंज, कुशीनगर, हाल निवासी नई बस्ती ढाकिन, पलिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अमरनाथ छिनैती का माल खरीदने वाला आरोपी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पीली धातु की चैन, तीन मोबाइल फोन, 590 रुपये भारतीय मुद्रा और 10 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP-31-CC-5333 को भी बरामद कर एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शिवा के विरुद्ध पलिया, गौरीफंटा और बरेली में हत्या, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पवन के विरुद्ध पलिया और भीरा थानों में पूर्व के मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। तीसरे आरोपी अमरनाथ के विरुद्ध फिलहाल इसी मामले का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक पलिया के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक झारिया सिंह, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार, कांस्टेबल अतुल त्रिपाठी, कांस्टेबल लक्की सिंह और कांस्टेबल कृष्ण मुरारी शामिल रहे।



