#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

मितौली में मारपीट के बाद पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

मितौली में मारपीट के बाद पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

बेटे को थाने जाते समय घेरकर पीटने का आरोप, बचाने पहुंचे पिता पर भी लाठी-डंडों से हमला; पांच आरोपी गिरफ्तार

ब्यूरो  रिपोर्टर तुषार शुक्ला


लखीमपुर खीरी। मितौली थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव में मामूली कहासुनी के बाद हुआ विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख किशोरी लाल (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को शव कस्ता-ममरी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुल सका। मामले में सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, जिनमें पांच की गिरफ्तारी हो चुकी है।

बताया गया कि सोमवार शाम गांव में किशोरी लाल के परिवार और दूसरे पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि मंगलवार सुबह किशोरी लाल का बेटा आदेश मामले की शिकायत करने मितौली थाने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।

बेटे के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर किशोरी लाल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के बाद वह अचेत होकर गिर पड़े। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। परिजन किशोरी लाल को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में घायल आदेश को हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया।

किशोरी लाल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बुधवार को परिजनों ने शव को कस्ता-ममरी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही सीओ मितौली यादवेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए और जाम समाप्त कराया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। घटना को लेकर गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Related Articles

Back to top button