11 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया बाबा महादेव का जलाभिषेक

11 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया बाबा महादेव का जलाभिषेक
थारू क्षेत्र की ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, कई किलोमीटर लंबी रही कांवरियों की कतार
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
पलिया-खीरी। भारत-नेपाल सीमा से सटे थारू क्षेत्र में सावन के दूसरे सोमवार को ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन हुआ। ग्राम बिरिया स्थित गंगा घाट से शुरू हुई कांवड़ यात्रा में 11 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कई किलोमीटर लंबी कांवरियों की कतार, रिमझिम बारिश और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा थारू क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। डीजे की धुन पर झूमते शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
बिरिया गंगा घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर गंगा आरती की। गंगा जल भरने के बाद उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय नेता आचार्य संजय मिश्रा के साथ झंडा दिखाकर कांवड़ यात्रा को रवाना किया। यात्रा में शामिल हजारों शिवभक्त गंगा जल लेकर पदयात्रा करते हुए मशानखंभ स्थित भगवान शंकर के मंदिर की ओर रवाना हुए।
कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों और शिवभक्तों की ओर से कांवरियों के लिए जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। रिमझिम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। हर-हर महादेव और भगवान शिव के जयकारों से यात्रा मार्ग गूंजता रहा। कई किलोमीटर लंबी कांवरियों की कतार ने थारू क्षेत्र में आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।
मशानखंभ स्थित भगवान शंकर के मंदिर पहुंचकर सभी श्रद्धालुओं ने बाबा महादेव का जलाभिषेक किया। इसके बाद भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया गया और इसी के साथ भव्य कांवड़ यात्रा का समापन हुआ।
कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा
कांवड़ यात्रा के दौरान भाजपा नेता रवि गुप्ता ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों और अपनी पूरी टीम के साथ कांवरियों पर गुलाब की पंखुड़ियों की पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। थारू समाज की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, आचार्य संजय मिश्रा सहित कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। आयोजकों के अनुसार, थारू क्षेत्र के लोगों का भाजपा नेता रवि गुप्ता के प्रति जुड़ाव और प्रेम भी इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता की प्रमुख वजह रहा।
कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गौरीफंटा कोतवाली और चंदन चौकी पुलिस मय फोर्स पूरे यात्रा मार्ग पर मुस्तैद रही। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कांवड़ यात्रा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लखीमपुर जिला प्रचारक आजाद, पलिया ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र शुक्ला, भाजयुमो क्षेत्रीय मंत्री शशांक शर्मा, भाजपा वरिष्ठ नेता जितेंद्र अवस्थी, संदीप मिश्रा, सूर्यमणि मिश्रा, देवराज गर्ग, सूरज गौतम, ज्वाला गुप्ता, अभिषेक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग शामिल रहे। वृंदावन से पधारे महाराज जी ने भी कांवड़ यात्रा में सहभागिता कर भगवान महादेव का गुणगान किया।
समापन अवसर पर एकल अभियान के तीन राज्यों के संगठन मंत्री ओमप्रकाश ने सभी श्रद्धालुओं के सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना की। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भव्य आयोजन के चलते इस वर्ष की कांवड़ यात्रा थारू क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।



