हत्या के प्रयास के दो मुकदमों में वांछित चार आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी संरक्षण में….

हत्या के प्रयास के दो मुकदमों में वांछित चार आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी संरक्षण में….
विशेष रिपोर्ट – मो कलीम अंसारी
सहारनपुर थाना कोतवाली मंडी पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज दो मुकदमों में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक मुकदमे में वांछित दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को हसमत कॉलोनी निवासी इनाम ने तहरीर देकर बताया था कि उसके पुत्र सरफराज पर चाकू से हमला कर उसे घायल किया गया तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में थाना मंडी पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना के दौरान मौ. फरीद उर्फ मुन्ना, कदीम उर्फ लालू, आशिक उर्फ समी और शौकीन के नाम प्रकाश में आए। वहीं, 9 अगस्त को मुक्कमिल निवासी नाजिम कॉलोनी की तहरीर पर दूसरे मुकदमे में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने एक राय होकर चाकू, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर वादी समेत शोएब और शहनवाज को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर जुल्मगढ़ की पुलिया के पास से चारों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दूसरे मुकदमे में वांछित दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मौ. फरीद उर्फ मुन्ना, कदीम उर्फ लालू, आशिक उर्फ समी और शौकीन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक फरीद उर्फ मुन्ना के खिलाफ पूर्व में भी मंडी थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय और बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी, उपनिरीक्षक राहुल शर्मा समेत थाना मंडी पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।



